नारायण राणे ने नई पार्टी बनाई

नारायण राणे ने नई पार्टी बनाई

मुंबई। कांग्रेस छो़डने के कुछ दिनों बाद महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने रविवार को ‘महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष’’ नाम से नई पार्टी का गठन किया। इसके साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि उनका संगठन भाजपा के साथ गठबंधन कर सकता है। राणे ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, मैंने अभी ही पार्टी बनाई है। मैं कुछ लोगों के शामिल होने का इंतजार कर रहा हूं, और उसके बाद आगे के कदम के बारे में फैसला करूंगा। ६५ वर्षीय राणे का कोंकण क्षेत्र के कुछ हिस्सों में खासा प्रभाव है। राणे ने संकेत दिया कि उनकी पार्टी भाजपा खेमे की ओर जा सकती है। राणे वर्ष १९९९ में राज्य के मुख्यमंत्री थे और उस समय वह शिवसेना में थे। उन्होंने कहा, वहां मेरे मित्र हैं, इसलिए मुझे पार्टी (भाजपा) के साथ कोई आपत्ति नहीं है। पहले मुझे अपनी पार्टी के लिए नए मित्र बनाने दीजिए और उसके बाद मैं अपने अगले कदम के बारे में घोषणा करूंगा। यह पूछे जाने पर कि क्या मुख्यमंत्री बनने की उनकी आकांक्षा है, उन्होंने कहा, महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनने की अब भी मेरी आकांक्षा है। यह कभी नहीं समाप्त होती। मैं उचित समय आने की प्रतीक्षा करूंगा।

About The Author: Dakshin Bharat