लोकसभा चुनाव जीतने के लिए मोदी ने दिया कार्यकर्ताओं को नारा- ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’

लोकसभा चुनाव जीतने के लिए मोदी ने दिया कार्यकर्ताओं को नारा- ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का नारा दिया है। मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को अरुणाचल (पश्चिम), गाजियाबाद, हजारीबाग, जयपुर ग्रामीण और नवादा लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से वीडियो संवाद कर रहे थे। इस दौरान मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया, साथ ही कांग्रेस पर खूब शब्दबाण चलाए।

मोदी ने विपक्ष पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब जनता जाग गई है और सच्चाई से परिचित हो गई है। उन्होंने पार्टी के उन कार्यकर्ताओं को भी याद किया जिनकी हत्या कर दी गई थी। मोदी बोले, हमारे कई कार्यकर्ताओं की हत्या सिर्फ इस वजह से की गई क्योंकि उन्होंने समाज में सभी लोगों के लिए आवाज उठाई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज लोगों में सरकार के प्रति भरोसा है। उन्होंने अपनी सरकार द्वारा गरीबों के कल्याण के लिए शुरू की गईं योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि इससे पूर्व किसी ने गरीबों के लिए इतना नहीं किया। उन्होंने ‘सबका साथ और ​सबका विकास’ पर भी जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे पास सख्त कदम उठाने की हिम्मत है। उन्होंने कहा कि हम वोटबैंक की राजनीति नहीं करते, बल्कि सभी धर्म, जातियों के लोगों के लिए इन योजनाओं को लागू करते हैं। मोदी ने पिछले दिनों हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का जिक्र किया और कार्यकर्ताओं के उत्साह की तारीफ की।

मोदी ने कहा कि हमारी पार्टी उम्र में बहुत छोटी है, लेकिन आज यह देश की सेवा कर रही है। उन्होंने पार्टी की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि इस जीत के बाद कई राजनीतिक पंडित फेल हो गए हैं। उन्होंने इसका कारण ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ होना बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की जड़ैं उसके कार्यकर्ताओं की बदौलत मजबूत हैं।

इस मौके पर मोदी कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर चुटकी लेने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि ​कांग्रेस के जिन पुराने कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया, उनके प्रति संवेदना का भाव आता है, क्योंकि उनका संघर्ष सिर्फ एक परिवार के काम आ रहा है। मोदी ने अपनी पार्टी की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसा सिर्फ भाजपा में ही संभव है कि एक कार्यकर्ता को प्रधानमंत्री बनने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा, आज मैं यहां पर हूं, कल कोई और होगा। कल मैं जहां था, आज कोई और वहां है। प्रधानमंत्री का यह संबोधन काफी चर्चा में रहा।

ये भी पढ़िए:
– जब इंदिरा गांधी के खिलाफ बना महागठबंधन बुरी तरह हारा, क्या इस बार भी होगा वही परिणाम?
– अंतरिक्ष में जीवन तलाश रहे वैज्ञानिकों को बड़ी कामयाबी, मिले हैं एलियंस के संदेश!
– पाक पर सर्जिकल स्ट्राइक के लिए भारत ने किया था ऐसी चीज का इस्तेमाल, जानकर हैरान रह जाएंगे
– ऊपर से गुजर गया ट्रक, फिर भी ज़िंदा बच गई महिला, देखिए वीडियो
– दिल्ली की मस्जिद में खुदाई के दौरान निकला मटका, अंदर देखा तो मिले ढेर सारे सिक्के!

About The Author: Dakshin Bharat