इंडिया टीवी-सीएनएक्स सर्वे: मप्र में भाजपा को बहुमत के संकेत, पसंद में शिवराज अव्वल

इंडिया टीवी-सीएनएक्स सर्वे: मप्र में भाजपा को बहुमत के संकेत, पसंद में शिवराज अव्वल

शिवराज सिंह चौहान

भोपाल। मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को विधानसभा चुनाव हैं। इससे पूर्व इंडिया टीवी के लिए सीएनएक्स द्वारा किए गए एक सर्वे के नतीजे कांग्रेस की चिंता बढ़ा सकते हैं। इसके मुताबिक, इन चुनावों में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने के आसार हैं। इस पूर्वानुमान के अनुसार, 230 सीटों वाली विधानसभा में 128 पर कमल खिल सकता है। वहीं कांग्रेस के खाते में सिर्फ 85 सीटें ही जाती दिख रही हैं। इस अनुमान में 10 सीटें कम या ज्यादा हो सकती हैं। वहीं बहुजन समाज पार्टी 8 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। इसके अलावा 9 सीटों पर ‘अन्य’ का कब्जा हो सकता है। अन्य में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, सपा, निर्दलीय आदि शामिल हैं।

हालांकि कांग्रेस के लिए कुछ संतोष की बात यह है कि 2013 के मुकाबले उसकी सीटों में थोड़ा इजाफा हो सकता है। उस समय कांग्रेस ने 58 सीटें जीती थीं। बसपा की सीटों के बारे में दोगुना होने का अनुमान लगाया गया है, जो 2013 में चार थीं। ‘अन्य’ के खाते में भी इस साल थोड़ी सीटें बढ़ सकती हैं। पिछले चुनावों में ये सिर्फ तीन थीं।

वोट शेयर में आगे भाजपा
इस सर्वे के नतीजे वोट शेयर के लिहाज से भी भाजपा को अव्वल बता रहे हैं। इसके अनुसार, भाजपा को 42.5 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। कांग्रेस 37.19 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहेगी। वहीं बसपा 7.7 प्रतिशत वोट शेयर पर कब्जा कर तीसरे स्थान पर आ सकती है। ‘अन्य’ का वोट शेयर बसपा को टक्कर दे रहा है। यह उससे कहीं ज्यादा है। सर्वे के मुताबिक, ‘अन्य’ को 12.61 प्रतिशत वोट शेयर की संभावना है।

इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने चुनाव पूर्व जो सर्वे किया, उसमें 16 से 60 साल के 9,240 पुरुषों और महिलाओं को शामिल किया गया। इसके लिए सर्वे टीम ने 230 विधानसक्षा क्षेत्रों में से 77 का दौरा कर आंकड़े जुटाए।

शिवराज सबसे पसंदीदा
अगर पसंदीदा मुख्यमंत्री उम्मीदवार की बात करें तो यहां शिवराज सिंह चौहान सबसे आगे हैं। वे 40.35 प्रतिशत लोगों की पसंद के साथ पहले स्थान पर हैं। दूसरे स्थान पर कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं, जिन्हें 22.19 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया है। इस तरह पहले और दूसरे स्थान के बीच पसंद का अंतर काफी ज्यादा है। सर्वे में 18.08 प्रतिशत लोगों ने कमल नाथ को मुख्यमंत्री उम्मीदवार के तौर पर पसंद किया।

इस सर्वे में शिवराज सिंह चौहान के प्रदर्शन को 30.42 प्रतिशत लोगों ने ‘बहुत अच्छा’ माना। इसके अलावा 10.8 प्रतिशत लोगों ने शिवराज के प्रदर्शन को ‘अच्छा’ बताया है। चुनाव पूर्व इस सर्वे को लेकर सोशल मीडिया पर बाजार गरम है। अगर ये आंकड़े हकीकत के करीब पहुंचे तो कांग्रेस के लिए परिस्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजे 11 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

About The Author: Dakshin Bharat