नई दिल्ली/भाषा। पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और अगले वर्ष के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा महिला मतदाताओं पर खास ध्यान दे रही है। इस रणनीति के तहत पार्टी हर बूथ पर पांच महिलाओं की टोली का गठन करने के साथ उज्जवला की चाय एवं उज्जवला की रसोई पहल को आगे बढ़ा रही है।
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष विजया राहटकर ने बताया, महिला मोर्चा आधी आबादी को संगठित करने की पहल कर रहा है। हम पूरे देश में बूथ स्तर पर उन्हें सक्रिय कर रहे हैं। उन्होंने बताया, हर बूथ पर पांच-पांच महिलाओं की टोली का गठन किया जा रहा है और यह कार्य काफी हद तक आगे बढ़ा है। इसका मकसद बूथ स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं का नियोजनबद्ध तरीके से कार्य सुनिश्चित करना है।
इस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह लगातार जोर देते रहे हैं। भाजपा महिला मोर्चा हर बूथ पर पांच-पांच महिला कार्यकर्ताओं की टोली बनाकर केंद्र सरकार की कल्याण योजनाओं, महिला लाभार्थियों के अनुभव एवं उनके जीवन में आए बदलाव को घर-घर तक पहुंचाना चाहता है।
पार्टी ने इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए गरीबों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन देने की उज्ज्वला योजना को केंद्र में रखा है। भाजपा महिला मोर्चा ने इस उद्देश्य के लिए उज्ज्वला की चाय और उज्ज्वला की रसोई पहल को आगे बढ़ाया है। इस कार्यक्रम को तीन स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है जिसमें बूथ स्तर, पांच बूथों को मिलाकर गठित शक्ति केंद्रों और विधानसभा क्षेत्र के स्तर पर कार्यक्रम शामिल हैं।
इसके तहत सरकार की जन कल्याण योजनाओं के बारे में जानकारी देने के साथ लोगों की समस्याओं का निराकरण करना भी शामिल है। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने बताया कि महिला मोर्चा ने राजमाता विजया राजे सिंधिया के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर ग्वालियर से दिल्ली तक महिला सशक्तिकरण दौड़ का आयोजन किया है। करीब 400 किलोमीटर लम्बी महिला सशक्तिकरण दौड़ की शुरुआत 12 अक्टूबर को ग्वालियर से हुई और दिल्ली में 16 अक्टूबर को इसका समापन होगा।
ये भी पढ़िए:
– चार माह की बेटी को बचाने के लिए मां ने लगा दी जान की बाजी, ओलों की बौछार से हुआ ऐसा हाल
– भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा ने किया इस गाने पर डांडिया, इंटरनेट पर मचा रहा धूम
– एसबीआई: नेट बैंकिंग के लिए रजिस्टर करवाएं मोबाइल नंबर, अन्यथा बंद होगी सुविधा
– बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस ने मुंह से निकाली ‘ठांय-ठांय’ की आवाज, वायरल हुआ वीडियो