सिर्फ मोदी हटाने की बातें करते हैं विपक्ष के नेता, इतना नाम नारायण का लें तो हो जाए कल्याण

सिर्फ मोदी हटाने की बातें करते हैं विपक्ष के नेता, इतना नाम नारायण का लें तो हो जाए कल्याण

amit shah dehradun rally

देहरादून में अमित शाह ने विपक्ष के गठजोड़ पर छोड़े शब्दबाण

देहरादून/दक्षिण भारत डेस्क। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को उत्तराखंड के देहरादून में हरिद्वार-टिहरी लोकसभा क्षेत्र के त्रिशक्ति सम्मेलन को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद किया। शाह ने कहा कि देशभर की ज्यादातर पार्टियों में पार्टी अध्यक्ष और प्रधानमंत्री वंशवाद की परंपरा के अनुसार तय होते हैं। वहीं भाजपा चाय बेचने वाले के बेटे को भी देश का प्रधानमंत्री बनाती है। यह हमारी पार्टी की विशेषता है।

शाह ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार और उत्तराखंड में त्रिवेंद्र रावत सरकार, दोनों ने मिलकर फास्ट ट्रेक पर उत्तराखंड के विकास को आगे बढ़ाने का काम किया है। भाजपा की जीत का मूल आधार बूथ पर खड़ा हुआ प्रत्येक कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा बेहद कठिन यात्रा है। प्रधानमंत्री ने यहां के लिए ऑल वेदर रोड का तोहफा देकर इस यात्रा को हर मौसम के लिए सुगम बनाने का प्रयास किया है।

शाह ने कहा कि शुक्रवार को जब पीयूष गोयल देश का बजट पेश कर रहे थे, तब जोश में बोलने वाले विपक्षियों के चेहरे की हवाइयां उड़ गईं। उन्होंने कहा कि संप्रग ने 2009 में जब किसानों का लोन माफ किया, तब 3 करोड़ किसानों का लोन माफ हुआ था। मोदी सरकार द्वारा पेश किए बजट में किसानों के लिए की गई घोषणा से 12 करोड़ किसानों को फायदा होने वाला है।

शाह ने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने कहा था कि मैं दिल्ली से एक रुपया भेजता हूं तो गांवों में 15 पैसे पहुंचते हैं। हमने डीबीटी के माध्यम से विभिन्न पेंशनों व योजनाओं की धनराशि को सीधे लोगों के खातों में डालने का काम किया है। हमारी सरकार ने डीबीटी लाकर 1 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार को दूर किया है।

शाह ने कहा कि 2019 में भाजपा के साथ-साथ भारत के लिए मोदी सरकार बनना जरूरी है। उन्होंने कहा कि गठबंधन किसी भी तरह से सार्थक नहीं है। ये सिर्फ अपने-अपने राज्यों के नेता हैं। इनका अन्य जगह कोई जनाधार नहीं है। विपक्षी सिर्फ मोदी हटाओ की बात करते हैं। जितना नाम ये मोदी का लेते हैं, अगर इतना नारायण का नाम ले लें, तो इनका कल्याण हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि देश को सबसे परिश्रमी, सबसे पारदर्शी, सबसे कर्मठ और दूरदर्शी सोच वाला प्रधानमंत्री देने का काम भाजपा ने किया है। शाह ने कहा कि भाजपा की नीति स्पष्ट है। अयोध्या में उसी स्थान पर भव्य से भव्य राम मंदिर जल्द से जल्द बने। भाजपा इसके लिए प्रतिबद्ध है।

About The Author: Dakshin Bharat