भारत को नहीं तोड़ सकती कोई भी शक्ति, पूरा विपक्ष देश और सरकार के साथ: राहुल

भारत को नहीं तोड़ सकती कोई भी शक्ति, पूरा विपक्ष देश और सरकार के साथ: राहुल

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस ने पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर आतंकी हमले की निंदा की है। शुक्रवार को एक प्रेसवार्ता में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि आतंकवाद इस देश को बांटने, तोड़ने की कोशिश करता है। देश को कोई भी शक्ति तोड़ नहीं सकती, बांट नहीं सकती। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष देश और सरकार के साथ खड़ा है।

राहुल गांधी ने कहा कि हमारे दिल में चोट पहुंची है। मैं सुरक्षाबलों के परिवारों से कहना चाहता हूं कि हम उनके साथ खड़े हैं और हमारी पूरी शक्ति उनके साथ है। उन्होंने कहा कि यह बहुत भयावह त्रासदी है। आतंकवाद का एक ही मकसद होता है कि देश को बांटा जाए। हमारे सुरक्षाबलों के खिलाफ इस प्रकार की हिंसा बेहद घृणित है।

राहुल गांधी ने पुलवामा हमले को हिंदुस्तान की आत्मा पर हुआ हमला करार दिया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने यह किया है, उनको यह नहीं लगना चाहिए कि वो इस देश को थोड़ी-सी भी चोट पहुंचा सकते हैं। उनको मालूम होना चाहिए कि यह देश इन चीजों को भूलता नहीं है।

वहीं पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमारे जवानों और उनके परिवारों के साथ पूरी तरह से खड़ी है। हम राष्ट्र को एकजुट रखने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। मनमोहन सिंह ने कहा कि आज शोक का दिन है। हमारे देश ने सशस्त्रबलों के करीब 40 जवानों को खो दिया है। हमारा सबसे बड़ा कर्तव्य है कि हम उनके परिवारों को बताएं कि हम उनके साथ हैं। हम कभी भी आतंकवादी ताकतों से समझौता नहीं करेंगे।

About The Author: Dakshin Bharat