भाजपा ने भोपाल से साध्वी प्रज्ञा को दिया टिकट, दिग्विजय से होगा मुकाबला

भाजपा ने भोपाल से साध्वी प्रज्ञा को दिया टिकट, दिग्विजय से होगा मुकाबला

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर एवं दिग्विजय सिंह

भोपाल/दक्षिण भारत। भारतीय जनता पार्टी ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को भोपाल लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित कर दिया है। यहां उनका मुकाबला वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से होगा। उल्लेखनीय है कि बुधवार को ही साध्वी प्रज्ञा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।

उससे पहले ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि साध्वी प्रज्ञा भाजपा के टिकट पर दिग्विजय के खिलाफ मैदान में उतर सकती हैं। साध्वी प्रज्ञा भाजपा कार्यालय गईं और पार्टी नेताओं के साथ बैठक में शामिल हुई थीं। वहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की।

वहीं, मीडिया से बातचीत करते हुए साध्वी प्रज्ञा ने कहा था कि वे चुनाव लड़ेंगी और विजय प्राप्त करेंगी। इसके बाद भाजपा द्वारा जारी प्रत्याशियों की सूची में साध्वी प्रज्ञा का नाम भी शामिल ​कर लिया गया। भोपाल से उम्मीदवार बनाए जाने पर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा, ‘हम तैयार हैं, अब उसी कार्य में लग गई हूं।’

गौरतलब है कि साध्वी प्रज्ञा को टिकट दिए जाने की संभावनाओं को लेकर हुई चर्चा के मद्देनजर उनका नाम ट्विटर ट्रेंड में शुमार हो गया था। वर्ल्डवाइड ट्रेंड्स में भोपाल और दिग्विजय का नाम भी शामिल है।

इसके अलावा भाजपा ने गुना लोकसभा सीट से केपी यादव, सागर से राजबहादुर सिंह, विदिशा से रमाकांत भार्गव को प्रत्याशी बनाया है।

About The Author: Dakshin Bharat