नाराज अल्पेश ठाकोर ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा

नाराज अल्पेश ठाकोर ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा

अल्पेश ठाकोर

अहमदाबाद/वार्ता। चुनावी गहमागहमी के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तथा बिहार के सह प्रभारी और गुजरात के राधनपुर से पार्टी विधायक अल्पेश ठाकोर ने बुधवार को पार्टी से त्यागपत्र दे दिया। ठाकोर राज्य में उनकी जाति के संगठन ठाकोर सेना के भी प्रमुख रहे हैं।

समझा जाता है कि वह पाटन लोकसभा सीट से टिकट चाहते थे पर पार्टी ने वहां से जगदीश ठाकोर को टिकट दे दिया। इससे वह खासे नाराज थे। कांग्रेस ने कई अन्य विधायकों को गुजरात में अलग अलग सीटों से टिकट दिये हैं।

ठाकोर ने गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित चावड़ा को भेजे अपने त्यागपत्र में लिखा है कि वह अपने समाज और गरीबों के उत्थान के लिए राजनीति में जुड़े थे। कांग्रेस की ओर से उनके संगठन की अवहेलना से उनके समुदाय में खासी नाराजगी है। वह कांग्रेस से इसके खराब समय में जुड़े थे। अब उनकी ठाकोर सेना का आदेश है कि वह पार्टी के सभी पदों से त्यागपत्र दें। दुख और विश्वासघात के एहसास के साथ वह पार्टी से त्यागपत्र दे रहे हैं।

उन्होंने अपने इस्तीफे के अंत में लिखा है कि कांग्रेस में किसी एक चीज की कमी रहीं तो वह थी सम्मान की और जो एक चीज मिली वह थी विश्वासघात की। इस्तीफे के बावजूद फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ठाकोर का अगला कदम क्या होगा। उनके भाजपा में शामिल होने की भी अटकले हैं। राज्य में इससे पहले कांग्रेस के पांच विधायक इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

About The Author: Dakshin Bharat