कांग्रेस पर बरसे अखिलेश, गठबंधन के बारे में भ्रम फैलाने का लगाया आरोप

कांग्रेस पर बरसे अखिलेश, गठबंधन के बारे में भ्रम फैलाने का लगाया आरोप

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव

लखनऊ/भाषा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर सपा-बसपा गठबंधन के खिलाफ अफवाहें फैलाने का आरोप लगाते हुए शनिवार को दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं से ऐसी साजिशों से बचने को कहा।

अखिलेश ने यहां संवाददाताओं से कहा कि हाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रतापगढ़ आए थे और सपा-बसपा में भ्रम फैलाने के लिये जानबूझकर कहा कि सपा दूसरे दलों की मदद कर रही है और वह बसपा के साथ नहीं है। इसी तरह की अफवाह बाकी दल भी फैला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पहले तो प्रधानमंत्री ने कहा था, लेकिन अब सुनने में आ रहा है कि कांग्रेस भी इसी तरह की अफवाह फैला रही है। मैं कहना चाहता हूं कि सपा-बसपा का गठबंधन मजबूत है। मेरी दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं से अपील है कि इस तरह की अफवाहों से दूर रहें। हमें सपा कार्यकर्ताओं और बसपा नेतृत्व तथा कार्यकर्ताओं पर पूरा भरोसा है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देंगे।

अखिलेश ने आरोप लगाया कि अफवाहें फैलाने में कांग्रेस और भाजपा एक ही जैसे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग तो ‘रेड कार्ड’ के जरिए चुनाव जीतना चाहते हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ जितने रेड कार्ड जारी करना चाहते हो, जारी करो। जहां कहीं भी चुनाव हो रहा है, वहां सपा और बसपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ रेड कार्ड जारी कर रहे हैं। ऐसा करके उन्हें मतदान से रोका जा रहा है।

अखिलेश ने कहा, हमने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि क्या सिर्फ सपा-बसपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ ही रेड कार्ड जारी होगा। क्या भाजपा बिल्कुल पाक-साफ है? उसमें कोई ऐसा नहीं है जिसकी आपराधिक छवि हो। उन्होंने आरोप लगाया कि कौशाम्बी के चुनाव के दौरान प्रतापगढ़ में सबसे ज्यादा अन्याय सपा और बसपा कार्यकर्ताओं पर हुआ है। उन पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए। जिन लोगों ने कार्यक्रम करने के लिए जमीन दी थी, उन पर भी झूठे मुकदमे दर्ज हुए हैं। कांग्रेस और भाजपा अन्याय करने, अफवाह फैलाने, साजिश रचने और झूठे मुकदमे दर्ज कराने के मामले में एक ही जैसे हैं।

About The Author: Dakshin Bharat