माकन का बयान- आप के बिना दिल्ली की सातों सीटें जीतना मुश्किल, कम अंतर से होगा फैसला

माकन का बयान- आप के बिना दिल्ली की सातों सीटें जीतना मुश्किल, कम अंतर से होगा फैसला

कांग्रेस नेता अजय माकन

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कभी आम आदमी पार्टी के प्रबल विरोधी रहे अजय माकन अब कह रहे हैं कि उसके बिना दिल्ली की सातों सीटें जीतना मुश्किल है। नई दिल्ली लोकसभा सीट से चौथी बार लगातार चुनाव लड़ रहे अजय माकन के सामने इस बार भी चुनौतियां कम नहीं हैं। हालांकि इन दिनों प्रचार में व्यस्त माकन दावा कर रहे हैं कि वे लोकसभा चुनाव जीतेंगे और इस सीट से भाजपा की मीनाक्षी लेखी और आप के ब्रजेश गोयल की शिकस्त होगी।

एक साक्षात्कार में उन्होंने आप से गठबंधन के बिना दिल्ली में कांग्रेस द्वारा सभी सीटों पर जीत का परचम फहराने को कठिन बताया। माकन ने कहा कि यदि आप के साथ गठबंधन हो जाता तो दिल्ली की सभी सीटें जीतते और यह अंतर दो से तीन लाख वोटों का होता। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अब भी सातों सीटें जीतेगी लेकिन जीत का अंतर कम होगा।

माकन ने पिछले उन लोकसभा चुनावों का भी जिक्र किया जब उन्होंने जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा कि साल 2004 के चुनाव में भाजपा के जगमोहन को 12,000 से अधिक मतों से हराया। इसके अलावा 2009 में भाजपा के विजय गोयल को करीब 2 लाख मतों से शिकस्त दी।

हालांकि 2014 के लोकसभा चुनाव में माकन को झटका लगा जब वे भाजपा की मीनाक्षी लेखी के सामने हार गए। एक बार फिर मैदान में उतरे माकन कहते हैं कि वे आप या भाजपा सांसदों की तरह नहीं हैं, जो सिर्फ आरोप लगाते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि वे किसी समस्या के समाधान के सिलसिले में किसी मंत्री या अधिकारी के पास जाते हैं तो वे कार्यवाही करेंगे। अगर वे ऐसा नहीं करेंगे तो उन्हें संसद में सामना करना होगा। माकन ने कहा कि वे संसद में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठने वाले नहीं, बल्कि एक्शन लेने वाले शख्स हैं और जानते हैं कि काम कैसे करना है।

देश-दुनिया की हर ख़बर से जुड़ी जानकारी पाएं FaceBook पर, अभी LIKE करें हमारा पेज.

About The Author: Dakshin Bharat