साध्वी प्रज्ञा ने गोडसे को बताया देशभक्त तो भाजपा ने की निंदा, कहा- माफी मांगें

साध्वी प्रज्ञा ने गोडसे को बताया देशभक्त तो भाजपा ने की निंदा, कहा- माफी मांगें

साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर

भोपाल/दक्षिण भारत। मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के एक बयान के बाद गोडसे को लेकर चल रहा विवाद नया मोड़ ले सकता है। दरअसल अभिनेता से नेता बने कमल हासन द्वारा गोडसे का जिक्र कर ‘हिंदू आतंकवादी’ के बयान पर साध्वी प्रज्ञा ने प्रतिक्रिया दी।

इस दौरान उन्होंने कहा कि नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, हैं और रहेंगे। साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि उनको (गोडसे) आतंकवादी कहने वाले लोग स्वयं के गिरेबान में झांक कर देखें। ऐसा बोलने वालो को इस चुनाव में जवाब दे दिया जाएगा।

इस बयान के बाद काफी लोगों ने ऐतराज जताया। भाजपा ने भी इस बयान की निंदा की है। पार्टी प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा कि साध्वी प्रज्ञा के बयान से भाजपा सहमत नहीं है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। इस मामले में पार्टी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से स्पष्टीकरण मांगेगी। उनको अपने इस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

बता दें कि साध्वी प्रज्ञा चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। वे आगर मालवा में रोड शो में पहुंची थीं। उसी दौरान उनसे गोडसे को लेकर सवाल पूछा गया। लोकसभा चुनावों में गोडसे और कथित ‘हिंदू आतंकवाद’ का मुद्दा कमल हासन की एक जनसभा के बाद गरमाया था। उन्होंने कहा, मैं ऐसा इसलिए नहीं बोल रहा हूं कि यह मुस्लिम बहुल इलाका है, बल्कि मैं यह बात गांधी की प्रतिमा के सामने बोल रहा हूं। आजाद भारत का पहला आतंकवादी हिंदू था और उसका नाम नाथूराम गोडसे है। वहीं से इसकी (आतंकवाद) शुरुआत हुई।

देश-दुनिया की हर ख़बर से जुड़ी जानकारी पाएं FaceBook पर, अभी LIKE करें हमारा पेज.

About The Author: Dakshin Bharat