भाजपा से तल्खी के बाद ममता का बयान- तुम्हारा नसीब अच्छा, भाजपा दफ्तर पर कर सकती हूं एक सेकंड में कब्जा!

भाजपा से तल्खी के बाद ममता का बयान- तुम्हारा नसीब अच्छा, भाजपा दफ्तर पर कर सकती हूं एक सेकंड में कब्जा!

प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

कोलकाता/दक्षिण भारत। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो में बवाल मचने के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस में जुबानी जंग जारी है। बुधवार को अमित शाह ने प्रेसवार्ता कर प. बंगाल की तृणमूल सरकार पर खूब शब्दप्रहार किए, वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भाजपा पर सख्त रुख अपना रखा है।

ममता बनर्जी ने भाजपा नेताओं को कहा है कि तुम (भाजपा) लोगों का नसीब अच्छा है कि मैं शांत बैठी हूं, नहीं तो एक सेकंड में भाजपा दफ्तर और तुम्हारे घरों पर कब्जा कर सकती हूं। उन्होंने अमित शाह पर भी हमला बोला।

ममता बनर्जी ने शाह की आलोचना करते हुए कहा, क्या वे भगवान हैं, जो उनके खिलाफ कोई विरोध प्रदर्शन नहीं कर सकता? उन्होंने भाजपा नेताओं के लिए कहा कि उनका नसीब अच्छा है जो वे यहां शांत बैठी हैं। अन्यथा एक सेकंड में दिल्ली में भाजपा दफ्तर और उनके घरों पर कब्जा कर सकती हैं।

ममता का यह बयान ऐसे समय में आया है जब सातवें चरण का लोकसभा चुनाव होना बाकी है। इसमें पश्चिम बंगाल की भी नौ सीटें हैं। इस बार चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और तृणमूल नेताओं में काफी तल्खी दिखाई दी। मंगलवार शाम कोलकाता में शाह के रोड शो में हिंसक घटना के बाद भाजपा ने आक्रामक रुख अपना रखा है। अब ममता का उक्त बयान दोनों दलों में तकरार को और बढ़ा सकता है।

देश-दुनिया की हर ख़बर से जुड़ी जानकारी पाएं FaceBook पर, अभी LIKE करें हमारा पेज.

About The Author: Dakshin Bharat