गोपनीय पत्र सार्वजनिक होने से उर्मिला खफा, शिवसेना या भाजपा में जाने की चर्चा

गोपनीय पत्र सार्वजनिक होने से उर्मिला खफा, शिवसेना या भाजपा में जाने की चर्चा

उर्मिला मातोंडकर

मुंबई/दक्षिण भारत। फिल्म जगत से राजनीति में आईं कांग्रेस नेता उर्मिला मातोंडकर के बारे में चर्चा है कि वे शिवसेना या भाजपा में जा सकती हैं। दरअसल इस साल लोकसभा चुनाव में मुंबई-उत्तर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहीं उर्मिला मातोंडकर एक पत्र को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से खफा हैं। इस पत्र में उन्होंने लोकसभा चुनाव में हार के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया था।

यह गोपनीय पत्र सामने आने के बाद उर्मिला काफी नाराज बताई जा रही हैं। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि जल्द ही वे कांग्रेस छोड़कर दूसरी पार्टी में जा सकती हैं। रिपोर्ट में उर्मिला के भाजपा या शिवसेना में जाने को लेकर ज्यादा संभावना जताई गई है। दूसरी ओर, राज ठाकरे की पार्टी मनसे भी उर्मिला के अगले कदम के लिए उत्सुक बताई जा रही है।

मुंबई कांग्रेस के एक पदाधिकारी के हवाले से प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है कि उर्मिला मातोंडकर कांग्रेस नेताओं के फोन कॉल को नजरअंदाज कर रही हैं। इससे माना जा रहा है कि वे कांग्रेस छोड़ सकती हैं। वे आने वाले समय में अपने राजनीतिक करियर को आकार देने के लिए अगला कदम उठा सकती हैं।

गौरतलब है कि उर्मिला मातोंडकर अपने ‘गोपनीय’ पत्र सामने आने और निरुपम बनाम देवड़ा के विवाद में शामिल किए जाने से खफा हैं। उन्होंने एक टीवी चैनल को बताया कि गोपनीय पत्र को सार्वजनिक करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उर्मिला ने कहा कि वे व्यक्तिगत हितों के लिए नहीं बल्कि देशसेवा के लिए कांग्रेस में आई थीं। उन्होंने बताया कि पार्टी की बेहतरी के लिए मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखा था। उर्मिला ने कहा​ कि उक्त पत्र चुनाव नतीजे और एग्जिट पोल आने से पहले लिखा गया था। .. बहरहाल सोशल मीडिया पर इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि उर्मिला का अगला कदम क्या हो सकता है।

About The Author: Dakshin Bharat