हरियाणा के 90 विधानसभा क्षेत्रों में हो रहा मतदान, साइकिल पर सवार होकर वोट देने आए खट्टर

हरियाणा के 90 विधानसभा क्षेत्रों में हो रहा मतदान, साइकिल पर सवार होकर वोट देने आए खट्टर

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर

चंडीगढ़/भाषा। हरियाणा में 90 विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव के लिए सोमवार सुबह मतदान शुरू हो गया। अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

विभिन्न राजनीतिक दलों से 105 महिलाओं सहित 1,169 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव लड़ रही प्रमुख हस्तियों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, जेजेपी के दुष्यंत चौटाला और इनेलो के अभय सिंह चौटाला शामिल हैं।

सोनीपत में सुबह मतदान करने वालों में हरियाणा की एकमात्र महिला मंत्री कविता जैन शामिल हैं। खट्टर के नेतृत्व में भाजपा ने 75 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है, जबकि कांग्रेस राज्य में वापसी करने की उम्मीद कर रही है।

वर्तमान में राज्य विधानसभा में भाजपा के 48 सदस्य हैं। हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि कुल 19,578 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 13,837 केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में हैं।

पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने बताया कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और 75,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

इस चुनाव में 1.83 करोड़ से अधिक मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 85 लाख महिलाएं, एक लाख से अधिक सेवा मतदाता और 252 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।

About The Author: Dakshin Bharat