वेंकैया नायडू बने राजग के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार

वेंकैया नायडू बने राजग के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू को उपराष्ट्रपति पद के लिए भाजपा नीत राजग के उम्मीदवार के रूप में चुना गया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी। शाह ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में राजग के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में वेंकैया नायडू का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि वेंकैया मंगलवार सुबह ११ बजे उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि इस बारे में राजग के सभी सहयोगियों को बताया गया है और सभी ने इसका स्वागत किया है। वेंकैया नायडू आज देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक है और इसिलए सम्पूर्ण राजग ने उनके नाम का स्वागत किया है। भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में सभी सदस्यों ने हिस्सा लिया और बैठक समाप्त होने के बाद शाह ने इसकी घोषणा की। शाह ने कहा कि वेंकैया नायडू पार्टी के वरिष्ठतम नेता हैं और उन्होंने आपना सार्वजनिक जीवन वर्ष १९७० से शुरू किया था। विद्यार्थी परिषद से आगे बढते हुए उन्होंने जेपी आंदोलन में सक्रियता से हिस्सा लिया। वे आंध्रप्रदेश भाजपा युवा इकाई के अध्यक्ष भी रहे। वेंकैया भाजपा महासचिव और दो बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। वे चार बार राज्य सभा के सदस्य रहे। उनका २५ वर्षों का सुदृ़ढ कार्यकाल रहा है। वे अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे और अभी शहरी विकास एवं सूचना प्रसारण मंत्री हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक किसान परिवार से आने वाले वेंकैया नायडू ने छोटे पदों से आगे ब़ढते हुए देश की सेवा की।

About The Author: Dakshin Bharat