सपा में एकता नहीं हुई तो बनेगा नया मोर्चा : शिवपाल

सपा में एकता नहीं हुई तो बनेगा नया मोर्चा : शिवपाल

आजमग़ढ। उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि पार्टी में एकता नहीं हुई तो आने वाले दो माह के भीतर नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के नेतृत्व में एक नया मोर्चा बनाया जाएगा। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के राज्यपाल बनाए जाने की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसे किसी प्रस्ताव को नेताजी स्वीकार नहीं करेंगे। अभी भी समय है, समाजवादियों को एक हो जाना चाहिए। यादव आज यहां बेलनाडीह गांव में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। उन्होंने कहा कि पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं है। नेताजी के नेतृत्व में एक नया मोर्चा बनाया जा सकता है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नेताजी को सम्मान देते तो ऐसी स्थिति नहीं आती। वे पूरे प्रदेश का भ्रमण कर रहे हैं। लोगों से मिल रहे हैं।सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जद-यू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन को निजी मामला बताते हुए इस बारे में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि देश में अभी महागठबंधन बना भी नहीं था कि मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने भाजपा से हाथ मिला लिया। यादव ने कहा कि देश में महागठबन्धन नही बना था। अगर नेताजी के नेतृत्व में महागठबन्धन बनता तो आज ऐसी स्थिति नहीं आती।

About The Author: Dakshin Bharat