अंधविश्वास की हद: महिला को डायन बताकर महिलाओं ने पीटा

अंधविश्वास की हद: महिला को डायन बताकर महिलाओं ने पीटा

crime against women

मेदिनीनगर/भाषा। झारखंड के पलामू जिले के हैदरनगर थाना अंतर्गत भीतरपांती गांव में एक महिला ने दूसरी महिला को ‘डायन’ बताकर अपनी एक अन्य साथी महिला के साथ मिलकर जमकर पिटाई कर दी जिससे अधेड़ उम्र की यह महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

इस मामले में हैदरनगर थाना पुलिस ने पिटाई की शिकार हुई महिला के बयान पर चार महिलाओं के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस बारे में हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला को राधिका ने डायन बताया और अपनी साथी महिलाओं से कहा कि उसके कारण ही उसे भूत लगा रहता है जिससे वह बीमार रहती है।

उन्होंने बताया कि ऐसा कहने के बाद साथी महिलाओं ने चिंता, शंकुतला तथा शारदा के साथ मिलकर महिला को जमकर पीटा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई है।

पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि घायल महिला का इलाज प्राथमिक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में किया जा रहा है और उसके हाथ-पैर-पीठ में चोट पहुंची है।

उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में किसी आरोपी महिला की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की तेजी से जांच कर रही है और शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।

About The Author: Dakshin Bharat