नई दिल्ली/दक्षिण भारत डेस्क। एक शादीशुदा शख्स को गुपचुप दूसरी शादी की कोशिश महंगी पड़ गई। पहले तो उसे कन्या पक्ष के लोगों ने पीटा, फिर पुलिस के हवाले कर दिया। हैरानी की बात यह है कि शख्स चार बच्चों का बाप भी है। उसकी पत्नी मेहनत-मजदूरी कर गुजारा चलाती है। वहीं यह दूल्हा बनकर दोबारा शादी रचाने के मंसूबे पाल रहा था।
जानकारी के अनुसार, घटना बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव दुजाना की है। यहां रामनिवास नामक व्यक्ति बारात लेकर आ गया। इस बीच किसी ने उसकी पत्नी सुनीता (बदला हुआ नाम) को सूचना दे दी, तो वह अपने बच्चों को लेकर विवाह स्थल पहुंच गई। यहां उसने खूब हंगामा किया। अचानक बाजी पलटने से दूल्हे के वेश में रामनिवास घबरा गया।
महिला को विरोध करते देख आसपास के कई लोग इकट्ठे हो गए। हकीकत मालूम होने पर शादी रुकवा दी गई। इसके बाद लोगों ने दूल्हे और बारातियों की पिटाई कर दी। बारातियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन रामनिवास को पकड़ लिया गया। तब तक किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रामनिवास को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि गाजियाबाद निवासी रामनिवास की शादी करीब 19 साल पहले हुई थी। उसके तीन बेटियां और एक बेटा है। सबसे बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। पत्नी सुनीता के मुताबिक, वह नशे का आदी है और विरोध करने पर मारपीट पर उतर आता है। इस वजह से वह अलग रहने लगी। उसने मेहनत कर बच्चों की परवरिश की। उधर रामनिवास ने झूठ बोल दूसरी शादी के लिए अपना रिश्ता पक्का कर लिया, लेकिन उसका यह दांव उलटा पड़ गया।