नलिन कुमार कटील ने पार्टी के कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष का प्रभार संभाला

नलिन कुमार कटील ने पार्टी के कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष का प्रभार संभाला

बेंगलूरु/दक्षिण भारत
मंगलूरू से भाजपा के लोकसभा सदस्य एवं कर्नाटक भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष नलिन कुमार कटील ने पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया है। मंगलवार को यहॉं पार्टी के राज्य मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में कर्नाटक भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष एवं राज्य के मुख्यमंत्री बीएस येडियुरप्पा ने नलिन कुमार कटील को प्रदेश अध्यक्ष का प्रभार सौंपा। इस अवसर पर राज्य मंत्रिमंडल के अनेक मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
कर्नाटक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए नलिन कुमार कटील ने कहा कि वे न तो उच्च शिक्षा प्राप्त हैं और ना ही कोई विद्वान हैं। वे नियमित रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं में जाते रहे हैं और वहॉं से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी ने एक बार पुन: यह साबित कर दिया है कि पार्टी का कोई छोटा कार्यकर्ता भी अपनी कर्मठता, निष्ठा और ईमानदारी से काम करते हुए एक दिन पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है। उन्होंने कहा कि वे निष्ठापूर्वक और अत्यंत पारदर्शी तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह करेंगे। उन्हें मुख्यमंत्री येडियुरप्पा, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों तथा भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं का पूर्ण समर्थन प्राप्त है। वे सबको विश्‍वास में और साथ लेकर पार्टी को विकास की नई ऊँचाईयों पर पहुँचाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री बीएस येडियुरप्पा ने कहा कि राज्य सरकार के सामने बाढ़ प्रभावित जिलों में बाढ़ पीड़ितों की मदद, उनके पुनर्वास तथा आवश्यक सेवाओं की बहाली करना एक बड़ी चुनौती है और उन्हें इस चुनौती को पूरा करने का विश्‍वास है। राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित लोगों के पुनर्वास मुहैया कराने के लिए पहले ही जरूरी कदम उठाये हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कर्नाटक और देश में दोनों ही जगह अनाथ और नेतृत्वविहीन हो गयी है। देश को कांग्रेस मुक्त करने का भाजपा का लक्ष्य धीरे-धीरे सही साबित हो रहा है।

About The Author: Dakshin Bharat