उत्तर प्रदेश में मिली जीत का असर होगा गुजरात में : येड्डीयुरप्पा

उत्तर प्रदेश में मिली जीत का असर होगा गुजरात में : येड्डीयुरप्पा

बागलकोट। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीएस येड्डीयुरप्पा ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में निकाय चुनावों में भाजपा को मिली भारी जीत इस बात को साबित करती है कि देश में भाजपा की लहर है। परिवर्तन यात्रा में शामिल होने के लिए विजयापुरा रवाना होने से पूर्व बागलकोट में संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को मिली इस जीत का असर गुजरात विधानसभा चुनाव पर भी होगा और भाजपा एक बार फिर से गुजरात में सत्ता हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह लहर आगे भी जारी रहेगी और भाजपा को वर्ष-२०१८ में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी सफलता मिलेगी और उसके बाद के चुनावों में भी पार्टी जीतेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और जनता दल (एस) के कई विधायक भाजपा में शामिल होने के लिए पार्टी के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं। हालांकि मैं अभी उनके नामों का खुलासा नहीं करुंगा लेकिन १५ जनवरी तक उनके नाम सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि धारवा़ड में भाजपा कार्यकर्ता पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेश गौडर की हत्या के पीछे मंत्रिमंडल सदस्य विनय कुलकर्णी की भूमिका थी। इसलिए भाजपा मुख्यमंत्री सिद्दरामैया से मांग करती है कि कुलकर्णी को मंत्रिमंडल से बाहर करे। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जानी चाहिए।

About The Author: Dakshin Bharat