पुलिस अनुसंधान पर स्थापित होगा विश्वविद्यालय : रेड्डी

पुलिस अनुसंधान पर स्थापित होगा विश्वविद्यालय : रेड्डी

बेलगावी। कर्नाटक सरकार राज्य में पुलिस अनुसंधान पर एक विशेष विश्वविद्यालय स्थापित करने की योजना बना रही है। गृह मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने गुरुवार को विधान परिषद में इसकी जानकारी दी। उन्होंने भाजपा सदस्य तारा अनुराधा के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय से राज्य की पुलिस अपराध अनुसंधान में आधुनिक प्रौद्योगिकियों को अपनाने में सहयोग ले सकेगी। साथ ही साइबर क्राइम की रोकथाम और जांच गतिविधियों में पुलिस विभाग को विश्वविद्यालय से मदद मिलेगी। रेड्डी ने सदन को बताया कि विश्वविद्यालय स्थापित करने के अतिरिक्त बेंगलूरु स्थित फोरेंसिक साइंस प्रयोगशाला का ८० करो़ड रुपए की लागत से उन्नयन किया जाएगा। तारा ने सवाल किया था कि अपराधों की जांच प्रक्रिया में पुलिस अधिकांशतः परंपरागत प्रक्रियाओं का उपयोग करती है। उन्होंने मांग की कि पुलिसकर्मियों के कल्याण कार्यक्रमों के कार्यान्वयन के लिए राज्य सरकार एक नीति लेकर आए। तारा ने पुलिस विभाग में प्रौद्योगिकी इस्तेमाल को बढावा देने की बात कही। रामलिंगा रेड्डी ने कहा कि सरकार ने पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में कई कदम उठाए हैं और अब इसी क्रम में पुलिस अनुसंधान के लिए एक विश्वविद्यालय स्थापित करने की योजना है। परंपरागत अपराध के अतिरिक्त राष्ट्रीय स्तर पर साइबर अपराध के बढते मामलों को नियंत्रित करने पर भी सरकार गंभीर है और इस दिशा में आधुनिक तकनीक और प्रौद्योगिकीयों से पुलिस को सुसज्जित किया जाएगा।

About The Author: Dakshin Bharat