एशियाड में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं विनेश फोगाट

एशियाड में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं विनेश फोगाट

vinesh phoghat

जकार्ता। भारत को एशियन गेम्स 2018 में कुश्ती में गोल्ड मेडल मिला है। विनेश फोगाट ने 50 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में सोना जीतकर इतिहास रच दिया है। वे यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की पहली महिला पहलवान भी बन गई हैं। इस मुकाबले में विनेश ने जापान की इरी युकी को पटखनी दी। उन्होंने जापानी प्रतिद्वंद्वी को 6-2 से हराया। इसके साथ ही भारत को ए​शियन गेम्स 2018 में दूसरा गोल्ड मेडल मिल गया है। ये दोनों गोल्ड कुश्ती से ही हासिल हुए हैं।

विनेश से पहले बजरंग पूनिया ने रविवार को कुश्ती में सोना जीता था। वह इस स्पर्धा में भारत को मिला पहला गोल्ड मेडल था। अब विनेश ने एक और गोल्ड जीतकर भारत का मान बढ़ाया है। जब विनेश मुकाबले के लिए आईं तो उन्हें पैर में दर्द भी हो रहा था, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और पूरी ताकत से मुकाबला किया।

उनकी जापानी प्रतिद्वंद्वी भी एक माहिर पहलवान थीं। उसने कई दांव आजमाए। आखिरकार विनेश ने उसे मात दे दी। विनेश काफी संभलकर खेल रही थीं। बाद में उन्होंने जापानी प्रतिद्वंद्वी पर बढ़त बनाई और यह मुकाबला जीतकर इतिहास रच दिया।

अगर अंकों की बात करें तो विनेश पहली बढ़त 4-0 से बनाने में सफल रहीं। बीच में जापानी प्रतिद्वंद्वी ने भी 2 अंक हासिल किए। उसके बाद विनेश ने भी 2 अंक लिए। मैच के आखिर तक यह बेहद कड़ा मुकाबला था और विनेश ने 6-2 के अंतर से जीत का परचम लहरा दिया। इसके बाद पूरे देश से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।

About The Author: Dakshin Bharat