खरगे अध्यक्ष तो बन गए, लेकिन रिमोट कंट्रोल गांधी परिवार के पास: भाजपा

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित किया

'सेना का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा है'

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब हमारी वीर सेना अपना शौर्य दिखाती है और भारत का हर नागरिक गौरवान्वित होता है; उस वक्त राहुल गांधी का प्रयास होता है कि किस प्रकार सेना का मनोबल तोड़ें, लेकिन तोड़ नहीं पाते हैं, क्योंकि सेना का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा है।

भाटिया ने कहा कि चाहे डोकलाम हो, चाहे गलवान हो या तवांग हो, एक बदलाव आया है नीति में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना को खुली छूट दी गई है। सीमा पर इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाया गया है। हमने देखा कि चीन के करीब 300 सैनिक पीछे खदेड़ दिए गए, यह हमारी सेना की ताकत है।

भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी और अब मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा समय-समय पर हमारे वीर नायकों के बारे में शर्मनाक टिप्पणी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें पूरे देश के सामने माफी मांगनी चाहिए।

साफ दिख रहा है कि जिसने भी नफरत फैलाई है, जो भी देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहा है, वो 'भारत तोड़ो' यात्रा का अभिन्न अंग रहा है। हर भारतीय को तो भारतीय सेना पर गर्व है, लेकिन राहुल गांधी कहते हैं कि 'सेना पिट गई है' और उनका समर्थन खरगे भी करते हैं। इसका मलतब यह है कि खरगे अध्यक्ष तो बन गए हैं, लेकिन रिमोट कंट्रोल अभी भी गांधी परिवार के पास ही है।

About The Author: News Desk