राहुल गांधी आलोचना नहीं करते, देश को बदनाम करते हैं: भाजपा

राहुल गांधी ने कर्नाटक में साल 2019 की चुनावी रैली में विवादित टिप्पणी की थी

'राफेल मामले में भी राहुल गांधी ने अदालत के फैसले पर सवाल उठाया था और फिर माफी मांगी थी'

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत ने मानहानि के मामले में दो साल की सजा दी है। कांग्रेस पार्टी बहुत कुछ कह रही है, लेकिन ये नहीं बता रही है कि राहुल गांधी ने कहा क्या।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ने कर्नाटक में साल 2019 की चुनावी रैली में कहा था कि सारे चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है। अगर राहुल गांधी को अपनी जिद से लोगों को अपमानित करने का और गाली देने का अधिकार है तो उनकी गाली से पीड़ित लोगों को मानहानि का केस करने का अधिकार है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा कि मैं सत्य और अहिंसा में विश्वास रखता हूं। क्या सत्य और अहिंसा में विश्वास करना लोगों को अपमानित करना है? देश को जातिसूचक गाली देना है?

खरगे साहब ने आज कहा कि अदालत के फैसले को बार-बार बदला गया है। कांग्रेस पार्टी अदालत में विश्वास नहीं करती है। क्या यह न्यायपालिका को भी अपनी जेब में रखना चाहती है?

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राफेल मामले में भी राहुल गांधी ने अदालत के फैसले पर सवाल उठाया था और फिर माफी मांगी थी। आलोचना का हम सम्मान करते हैं, लेकिन राहुल गांधी आलोचना नहीं करते हैं। वे देश को बदनाम करते हैं, जनतंत्र को बदनाम करते हैं और देश की जनता को बदनाम करते हैं।

About The Author: News Desk