राजस्थान सरकार ‘अनुपयोगी’, भाजपा जीतेगी अगला विधानसभा चुनावः सीपी जोशी

जोशी नई दिल्ली से जयपुर जा रहे थे

उन्होंने कहा, हम टीम राजस्थान’ बनाएंगे और पार्टी को आगे बढ़ाएंगे'

जयपुर/भाषा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष सीपी जोशी ने सोमवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को ‘अनुपयोगी’ बताया और दावा किया कि पार्टी राज्य में अगला विधानसभा चुनाव जीतेगी।

उन्होंने कहा, हम राजस्थान में एक टीम के रूप में काम करेंगे। मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं और वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और समर्थन के साथ (प्रदेश अध्यक्ष के रूप में) काम करूंगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करने के लिए जोशी नई दिल्ली से जयपुर जा रहे थे। उन्होंने कहा, हम टीम राजस्थान’ बनाएंगे और पार्टी को आगे बढ़ाएंगे।

अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए जोशी ने कहा कि यह सरकार ‘अनुपयोगी’ है।

चित्तौड़गढ़ से सांसद जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्‍य में सत्ताधारी कांग्रेस को हराकर अगली सरकार बनाएगी। 

राज्‍य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर कई जगहों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोशी का स्वागत किया।

About The Author: News Desk