'स्वच्छता ही सेवा' अभियान में दक्षिण रेलवे ने दिया सफाई का संदेश

अभियान में 12,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया

इस दौरान कोयंबटूर - डॉ. एमजीआर वंदे भारत एक्सप्रेस की '14 मिनट की चमत्कारिक' सफाई की गई

चेन्नई/दक्षिण भारत। दक्षिण रेलवे ने रविवार को 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत सफाई कार्यक्रम का आयोजन किया। रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 'कचरा मुक्त भारत' थीम पर केंद्रित व्यापक स्वच्छता अभियान पूरे जोन में 360 रेलवे स्टेशनों, 43 रेलवे कॉलोनियों, 47 रखरखाव डिपो और कार्यशालाओं, 30 स्वास्थ्य इकाइयों और 30 रनिंग रूम में 1,200 से ज्यादा जगहों पर आयोजित किया गया। इस अभियान में 12,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

दक्षिण रेलवे के महाप्रबंधक आरएन सिंह ने चेन्नई एग्मोर में अभियान का आगाज किया। उन्होंने प्रधान मुख्य मैकेनिकल इंजीनियर पी सुरेश, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक पी महेश, मुख्य परियोजना प्रबंधक/गति शक्ति चैल्लम और रेलवे के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ श्रमदान किया। 

अतिरिक्त महाप्रबंधक कौशल किशोर ने डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल में मंडल रेल प्रबंधक बी विश्वनाथ एरया, अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभियान में भाग लिया। इस दौरान कोयंबटूर - डॉ. एमजीआर वंदे भारत एक्सप्रेस की '14 मिनट की चमत्कारिक' सफाई की गई।

दक्षिण रेलवे के प्रमुख विभाग प्रमुखों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी विभिन्न स्थानों पर आयोजित अभियानों में भाग लिया। इनमें विद्यार्थियों, स्काउट्स और गाइड्स, गैर-सरकारी संगठनों, स्वयंसेवकों, रेल यात्रियों और आम जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

About The Author: News Desk