आम आदमी पार्टी में भ्रष्टाचार अब एक आम बात होती चली जा रही है: भाजपा

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया

उन्होंने कहा कि कट्टर ईमानदार होने का दावा करने वाली 'आप' का किरदार अब तार-तार होकर सामने आ रहा है

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपने आप के लिए कट्टर ईमानदार होने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी का किरदार अब तार-तार होकर जनता के सामने आ रहा है।

पहले उनकी सरकार के एक मंत्री सतेंद्र जैन भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए, जिन्हें न्यायालय से जमानत नहीं मिली। फिर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जेल गए। अब 'आप' के संसदीय दल के नेता संजय सिंह भ्रष्टाचार के आरोप में रिमांड पर हैं।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अब यह साफ हो गया है कि आम आदमी पार्टी में भ्रष्टाचार अब एक आम बात होती चली जा रही है। उनके बारे में नित नए खुलासे होना भी अब आम बात हो गई है।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि साक्ष्य ये आए हैं कि शराब पॉलिसी में बदलाव इस आधार पर किया गया है और यह बदलाव नीतिगत है। इसका मतलब यह है कि पूरी पार्टी इसमें शामिल है। यह शराब का घोटाला तो इनके लिए ऐसा बनता जा रहा है कि जैसे ही इन्होंने यह पॉलिसी वापस की, उसके बाद से ही ये दलदल में धंसते जा रहे हैं।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कल अदालत ने अपने निर्णय में कहा है कि प्रथम दृष्टया यह विचार किया है और यह माना है कि कहीं से भी यह नहीं दर्शाता है कि वर्तमान मामले में गिरफ्तारी अनापेक्षित या अनावश्यक है यानी कि गिरफ्तारी पूर्ण रूप से उचित है।

About The Author: News Desk