बेंगलूरु में आयकर छापा: फ्लैट में बिस्तर के नीचे करोड़ों की नकदी मिली!

23 बॉक्स में भर रखे थे 500-500 रु. के नोट!

अधिकारियों ने दो जगहों पर छापेमारी की थी

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। आयकर विभाग के अधिकारियों को बेंगलूरु के एक फ्लैट में बिस्तर के नीचे करोड़ों की नकदी मिली है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बताया गया है कि अधिकारी इस मामले में एक पूर्व महिला पार्षद और उसके पति से पूछताछ कर रहे हैं।

यह भी कहा जा रहा है कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों, विशेष रूप से राजस्थान के लिए फंडिंग के वास्ते आभूषण विक्रेताओं और अन्य स्रोतों से धन इकट्ठा किया जा रहा है। अधिकारियों को इस संबंध में सूचना मिली थी।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार, यह फ्लैट आरटी नगर के पास आत्मानंद कॉलोनी में है। यहां गुरुवार देर रात छापेमारी की गई तो 42 करोड़ रुपए की नकदी बरामद हुई। 

अधिकारियों ने दो जगहों पर छापेमारी की थी। उन्हें एक फ्लैट में 23 बॉक्स मिले, जो 500-500 रुपए के नोटों से भरकर बिस्तर के नीचे रखे हुए थे।

बताया गया कि कार्रवाई के दौरान फ्लैट पर कोई व्यक्ति नहीं था। हालांकि बाद में पूर्व पार्षद और उनके पति से आवास पर पूछताछ की गई।

सूत्रों के मुताबिक, पार्षद का पति ठेकेदार है, जिसने पिछली भाजपा सरकार पर विभिन्न परियोजनाओं में कमीशन का आरोप लगाया था।

कार्रवाई के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

About The Author: News Desk