राजस्थान में इस सीट से कांग्रेस उम्मीदवार का हुआ निधन

वे दिल्ली एम्स में भर्ती थे

राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा

जयपुर/दक्षिण भारत। राजस्थान के गंगानगर जिले के करणपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर का निधन हो गया। वे दिल्ली एम्स में भर्ती थे।

जानकारी के अनुसार, कुन्नर (75) को एम्स के जेरिएट्रिक मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया गया था। उन्हें सेप्टिक शॉक और गुर्दे की बीमारी थी। इसके अलावा उन्हें उच्च रक्तचाप भी था। उन्हें 12 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उनके निधन पर शोक जताते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, 'करणपुर से विधायक एवं पूर्व मंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन की सूचना से मुझे बेहद दुख हुआ है। कुन्नर लंबे समय तक अस्वस्थ होते हुए भी अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए हमेशा प्रयासरत रहते थे। कुन्नर साहब का निधन कांग्रेस पार्टी एवं राजस्थान की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को हिम्मत देने की कामना करता हूं।'

बता दें कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा।

About The Author: News Desk