मोहन यादव होंगे मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री

भाजपा ने 230 सदस्यीय विधानसभा में 163 सीटें जीती हैं

Photo: Mohan Yadav FB page

भोपाल/दक्षिण भारत/भाषा। मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के नाम की सोमवार को घोषणा कर दी गई। भाजपा ने मोहन यादव को इस पद की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया है। वहीं, राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। नरेंद्र तोमर अगले विधानसभा अध्यक्ष होंगे।

बता दें कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित भाजपा के तीन केंद्रीय पर्यवेक्षक नवनिर्वाचित पार्टी विधायकों की बैठक में हिस्सा लेने और राज्य के अगले मुख्यमंत्री पर फैसला करने के लिए सोमवार को भोपाल पहुंचे थे।

भाजपा ने 17 नवंबर के चुनाव के बाद 230 सदस्यीय विधानसभा में 163 सीटें जीतीं और मध्य प्रदेश में सत्ता बरकरार रखी, जबकि कांग्रेस 66 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही।

पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक - खट्टर, ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) मोर्चा के प्रमुख के लक्ष्मण और सचिव आशा लाकड़ा पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे एक विशेष विमान से राज्य की राजधानी भोपाल पहुंचे थे।

भोपाल हवाईअड्डे पर प्रदेश पार्टी अध्यक्ष वीडी शर्मा और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।

हवाईअड्डे से तीनों पर्यवेक्षक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने के लिए मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना हुए।

राज्य भाजपा कार्यालय को फूलों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाले पोस्टर तथा ‘एमपी के मन में मोदी, देश के मन में मोदी’ के नारे लिखे बैनर से सजाया गया है।

मध्य प्रदेश में भाजपा दो दशक में पांचवीं बार सरकार बनाने जा रही है। इससे पहले वह 2003, 2008, 2013 और 2020 में राज्य में सत्ता में आई थी।

About The Author: News Desk