विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

साइंस कॉलेज मैदान में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई

साय कुनकुरी सीट से विधायक हैं

रायपुर/दक्षिण भारत। भाजपा विधायक दल के नेता विष्णुदेव साय ने बुधवार को रायपुर में एक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। यहां साइंस कॉलेज मैदान में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके बाद भाजपा नेता अरुण साव और विजय शर्मा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वरिष्ठ भाजपा नेता और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद थे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी शिरकत की।

भाजपा ने छग में अपने नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक के बाद रविवार को मुख्यमंत्री के तौर पर विष्णुदेव साय के नाम पर मुहर लगाई थी। साय कुनकुरी सीट से विधायक हैं।

विष्णुदेव साय छग भाजपा के जाने-माने चेहरे हैं। उन्होंने साल 2020 से 2022 तक छग भाजपा का नेतृत्व किया था। वे पिछली मोदी सरकार में खान, इस्पात राज्य मंत्री थे।

विष्णुदेव साय आदिवासी समुदाय से आते हैं। वे साल 1989 में बगिया ग्राम पंचायत के 'पंच' चुने गए थे। उसके अगले साल निर्विरोध सरपंच बने थे। वे साल 1998 में पत्थलगांव सीट से विधानसभा चुनाव हार गए थे।

लोकसभा चुनाव में उनकी सियासी पारी शानदार रही है। उन्होंने साल 1999 से 2014 तक रायगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चार बार लोकसभा चुनाव जीते। 

About The Author: News Desk