कांग्रेस ने धारा 370 हटाने का विरोध किया और अब ये भारत को जोड़ने चले हैं: नड्डा

जेपी नड्डा ने हिप्र के सोलन में अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर खूब शब्दबाण छोड़े

नड्डा ने कहा कि हमारे लिए सिर्फ चार जातियां हैं - महिला, किसान, युवा और गरीब

सोलन/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के सोलन में अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर खूब शब्दबाण छोड़े। उन्होंने कहा कि झूठ बोलकर राजनीति नही चलती है, लोगों को धोखे में रखकर राजनीति नहीं चलती है। लोगों से जुड़ना पड़ता है, उनकी तकदीर बदलनी पड़ती है। यह काम हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है, इसलिए हमें राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जीत मिली।

नड्डा ने कहा कि देखते ही देखते छत्तीसगढ़ से कांग्रेस साफ हो गई, मध्य प्रदेश में सभी रिकॉर्ड टूटे और राजस्थान में भी कमल खिल गया। प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता का अटूट विश्वास है, जिन्होंने भारत की राजनीति की संस्कृति बदल डाली।

नड्डा ने कहा कि भूपेश बघेल ने गरीबों को दी गई केंद्र सरकार की योजनाओं को लटकाया, इसलिए छत्तीसगढ़ की जनता ने उन्हें और उनकी सरकार को लटका दिया। राजस्थान में लोगों को समझ आ गया था कि गहलोत की सरकार महिलाओं पर अत्याचार करने वाली सरकार थी, युवाओं के साथ अन्याय करने वाली सरकार थी। उन्नीस बार पेपर लीक हुआ, कोई भर्ती नहीं हुई, इसलिए प्रदेश की जनता ने उन्हें घर ​बैठा दिया।

नड्डा ने कहा कि आज जब देश को बांटने के लिए 'जाति, जाति, जाति' ... चल रहा है, तो मोदी ने कहा कि हमारे लिए सिर्फ चार जातियां हैं - महिला, किसान, युवा और गरीब। मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरी होने की गारंटी है। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ ये अधिक लोगों को हर महीने मुफ्त राशन मिल रहा है। आयुष्मान योजना के तहत 50 करोड़ से अधिक लोगों को हर वर्ष 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है।

नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत को तोड़ने में कोई कसर छोड़ी नहीं, अब भारत को जोड़ने की यात्रा पर चले हैं। भारत को कमजोर करने वाली धारा 370 को मोदी ने हटा दिया, लेकिन कांग्रेस ने धारा 370 हटाने का विरोध किया और अब ये भारत को जोड़ने चले हैं।

नड्डा ने आरोप लगाया कि कि जेएनयू के परिसर में संसद पर हमला करने वाले मास्टरमाइंड के समर्थन में नारे लगाए जा रहे थे कि 'अफजल हम शार्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं', और दूसरे दिन राहुल गांधी नारे लगाने वालों के साथ खड़े हो जाते हैं ... आज तक राहुल गांधी ने माफी नहीं मांगी। जब तक राहुल गांधी माफी नहीं मांगते हैं, ये भारत जोड़ नहीं रहे हैं, भारत को तोड़ने में लगे हैं।

नड्डा ने कहा कि साल 1984 में सिक्खों का कत्लेआम किया गया, हमारे सिख भाइयों के साथ अन्याय हुआ और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा कि जब बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है। ये भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं या तोड़ो यात्रा पर निकले हैं? ये न्याय करने निकले हैं या अन्याय करने निकले हैं?

नड्डा ने कहा कि आज ओबीसी, ओबीसी कर रहे हैं। काका कालेलकर की रिपोर्ट दशकों धूल फांकती रही। मंडल कमीशन की रिपोर्ट इंदिरा गांधी के समय आ गई थी, लेकिन दिल्ली की अलमारियों में धूल फांकती रही। कांग्रेस ने न कभी चर्चा की और न बात की। आज राहुल गांधी 'ओबीसी, ओबीसी' का नारा लगा रहे हैं। ये न्याय की बात कर रहे हैं। जबकि ओबीसी को संवैधानिक दर्जा मोदी सरकार ने दिया।

About The Author: News Desk