कर्नाटक: गृह मंत्री का सवाल- क्या भाजपा के राज में महिलाओं के खिलाफ अपराध नहीं हुए?

राज्य के गृह मंत्री ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा ...

Photo: @DrGParameshwara FB page

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने शनिवार को कहा कि क्या राज्य में भाजपा शासन के दौरान महिलाओं पर कोई अत्याचार नहीं हुआ, जबकि विपक्षी दल ने सत्तारूढ़ कांग्रेस पर महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया है।

उनकी यह प्रतिक्रिया हाल ही में हावेरी में अंतरधार्मिक संबंधों को लेकर एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मद्देनजर आई है। हावेरी जिले के हंगल में सात लोगों ने कथित तौर पर एक होटल के कमरे में घुसकर दंपति पर हमला किया था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था।

छब्बीस वर्षीया पीड़िता द्वारा उसके साथ यौन उत्पीड़न किए जाने की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।

राज्य के गृह मंत्री ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार आरोपियों के खिलाफ कानून के दायरे में कार्रवाई कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने कई पहल की हैं।

परमेश्वर ने पूछा, क्या राज्य में भाजपा शासन के दौरान कभी महिलाओं के खिलाफ अपराध नहीं हुए? उसके बारे में हमें क्या कहना चाहिए? क्या हमें यह कहना चाहिए कि तब सुरक्षा थी? 

उन्होंने कहा कि निर्भया योजना के तहत कार्यक्रम शुरू किए गए हैं और विभिन्न पहल की गई हैं।

परमेश्वर ने कहा कि हमने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई पहल शुरू की हैं। जब भी ऐसी घटनाएं होती हैं तो हम कार्रवाई करते हैं और लोगों को जागरूक करते हैं। 

कर्नाटक भाजपा इकाई ने इस मामले को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमला बोला और आरोप लगाया है कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि बड़े पैमाने पर अराजकता को दर्शाती है, और अपराधी पुलिस के हस्तक्षेप के डर के बिना साहसपूर्वक काम करते हैं।

About The Author: News Desk