नीतीश कुमार के इस्तीफे पर क्या बोली कांग्रेस?

कांग्रेस और विपक्षी दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है

Photo: @IndianNationalCongress

नई दिल्ली/पटना/दक्षिण भारत। नीतीश कुमार द्वारा बिहार में ‘महागठबंधन’ का साथ छोड़कर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद कांग्रेस और विपक्षी दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाजुर्न खरगे ने कहा कि देश में ‘आया राम-गया राम’ जैसे कई लोग हैं। पहले वे और हम मिलकर लड़ रहे थे। जब मैंने लालूजी और तेजश्वी से बात की तो उन्होंने भी कहा कि नीतीश जा रहे हैं।

खरगे ने कहा कि अगर ‘वह’ रुकना चाहता तो रुक जाता, लेकिन वह जाना चाहता है। इसलिए यह बात हमें पहले से ही पता थी, लेकिन इंडि गठबंधन को बरकरार रखने के लिए हमने कुछ नहीं कहा।

खरगे ने कहा कि अगर हम कुछ गलत कहेंगे तो गलत संदेश जाएगा। इसकी जानकारी हमें लालू प्रसाद यादव और तेजश्वी यादव ने पहले ही दे दी थी। आज वह सच हो गया।

वहीं, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि बार-बार राजनीतिक साझेदार बदलने वाले नीतीश कुमार रंग बदलने में गिरगिटों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इस विश्वासघात के विशेषज्ञ और उन्हें इशारों पर नचाने वालों को बिहार की जनता माफ़ नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि बिलकुल साफ़ है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा से प्रधानमंत्री और भाजपा घबराए हुए हैं और उससे ध्यान हटाने के लिए यह राजनीतिक ड्रामा रचा गया है।

About The Author: News Desk