मप्रः हरदा के पटाखा कारखाने में लगी भीषण आग, 6 लोगों की मौत

कई लोगों के घायल होने के समाचार, आस-पास के घरों में भी लगी आग

Photo: Social Media

हरदा/दक्षिण भारत। मध्य प्रदेश के हरदा शहर में मंगलवार को एक पटाखा कारखाने में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वीडियो सोषल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अब तक 6 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, दो दर्जन लोगों के घायल होने के समाचार हैं। बताया गया कि आग लगने से आस-पास के कुछ घर भी इसकी चपेट में आ गए हैं।

एक वीडियो में देखा गया कि कारखाने में आग लगने के बाद घबराए हुए लोग जान बचाने के लिए भाग रहे हैं। सड़क पर एक व्यक्ति को कपड़ा ओढ़ा रखा था, जिसके बारे में संदेह है कि हादसे में उसकी मौत हो चुकी है।

अधिकारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संबंधित अधिकारियों से बात की और घटना का विवरण मांगा है।

वायरल वीडियो में आग की लपटें दिखाई देने के साथ ही धमाके भी सुनाई दे रहे हैं। घटना के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

About The Author: News Desk