मिजोरम और असम के बीच सीमा विवाद के बारे में आई यह बड़ी ख़बर

दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच सीमा विवाद एक लंबे समय से चला आ रहा मुद्दा है

Photo: @himantabiswasarma FB page

आइजोल/दक्षिण भारत। मिजोरम और असम शुक्रवार को लंबे समय से लंबित अंतरराज्यीय सीमा विवाद को सुलझाने के लिए संयुक्त प्रयास करने पर सहमत हुए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार सुबह अपने मिजोरम समकक्ष लालदुहोमा को भोजन पर आमंत्रित किया, जो इस समय गुवाहाटी में हैं और दोनों नेताओं ने सीमा मुद्दे पर चर्चा की।

बैठक के दौरान, लालदुहोमा और सरमा ने दोनों पूर्वोत्तर राज्यों के बीच सीमा विवाद को सुलझाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की।

इसमें कहा गया है कि दोनों नेता तब तक सीमाओं पर शांति बनाए रखने पर भी सहमत हुए, जब तक दोनों पड़ोसी राज्य सीमा वार्ता करते रहेंगे।

सरमा ने लालदुहोमा से कहा कि असम विधानसभा का चालू बजट सत्र समाप्त होने पर वे सीमा प्रभारी मंत्री को मिजोरम भेजेंगे।

बता दें कि मिजोरम के तीन जिले - आइजोल, कोलासिब और ममित - असम के कछार, कर्मगंज और हैलनकांडी जिलों के साथ 164.6 किमी लंबी सीमा साझा करते हैं।

दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच सीमा विवाद एक लंबे समय से चला आ रहा मुद्दा है।

About The Author: News Desk