आयकर विभाग ने कांग्रेस के चार प्रमुख खातों को फ्रीज किया

माकन ने कहा- इससे पार्टी की सभी राजनीतिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं

Photo: Indian National Congress X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। आयकर विभाग ने कांग्रेस के चार मुख्य बैंक खातों को ‘मामूली आधार’ पर फ्रीज कर दिया है। पार्टी कोषाध्यक्ष अजय माकन ने शुक्रवार को दावा किया और आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र खतरे में है।

माकन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, इससे पार्टी की सभी राजनीतिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। 

सूत्रों ने बाद में कहा कि नौ खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। माकन ने कहा कि चुनावी वर्ष 2018-19 के लिए 210 करोड़ रुपए की आयकर मांग पर खाते फ्रीज कर दिए गए।

माकन ने आरोप लगाया कि हिंदुस्तान में लोकतंत्र पूरी तरह से खत्म हो चुका है। देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के सारे अकाउंट्स फ्रीज कर दिए गए हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अकाउंट पर तालाबंदी कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस पार्टी के अकाउंट्स फ्रीज नहीं हुए, हमारे देश का लोकतंत्र फ्रीज हो गया है।

माकन ने पूछा, कांग्रेस के बैंक खातों को क्यों सील किया गया? इसके कारण बहुत ही हास्यास्पद हैं। उन्होंने कहा कि हमें 31 दिसंबर, 2019 तक अपने अकाउंट्स जमा करने थे, लेकिन हमें कुछ देर हो गई। इस वजह से हमारे खातों को सील कर दिया गया।   

उन्होंने कहा कि साल 2018-19 चुनाव का वक्त था, जिसमें कांग्रेस के 199 करोड़ रुपए खर्च हुए थे। इसमें हमारे विधायकों और सांसदों ने सिर्फ 14 लाख 40 हजार रुपए कैश में जमा किए थे, जो उनका वेतन था। इस वजह से कांग्रेस पर 210 करोड़ रुपए की पेनल्टी लगी दी गई है।

About The Author: News Desk