लोकसभा चुनाव: हिमंत बिस्वा सरमा ने उत्तर-पूर्व से राजग के इतनी सीटें जीतने का किया दावा!

सरमा ने कहा कि असम की 14 सीटों में से केवल तीन सीटें 'फिलहाल अनिश्चित' हैं

Photo: himantabiswasarma FB page

गुवाहाटी/दक्षिण भारत। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन 'राजग' आगामी लोकसभा चुनावों में उत्तर-पूर्व में 25 लोकसभा सीटों में से 22 पर जीत हासिल करेगा।

यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सरमा ने कहा कि असम की 14 सीटों में से केवल तीन सीटें 'फिलहाल अनिश्चित' हैं।

उन्होंने कहा, 'राजग उत्तर-पूर्व में 25 में से 22 सीटें जीतेगा। असम को छोड़कर, हमें क्षेत्र के अन्य राज्यों में सभी सीटें जीतने की उम्मीद है।'

राजग की क्षेत्रीय शाखा, नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस (एनईडीए) के संयोजक ने जोर देकर कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव सत्तारूढ़ मोर्चे के लिए 'सरल चुनाव' हैं और वह बिना किसी कठिनाई के चुनाव जीतेगा।

उन्होंने कहा, 'इस बार विकास ही मुद्दा है। क्षेत्र के समग्र बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए बड़े पैमाने पर काम किए गए हैं।'

About The Author: News Desk