एसएम कृष्णा की सेहत के बारे में आई बड़ी ख़बर

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनसे अस्पताल में मुलाकात की

Photo: UNI India

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा (91) यहां एक अस्पताल की गंभीर देखभाल टीम की निगरानी में हैं। उन्हें 30 अप्रैल को स्वास्थ्य-समस्या के कारण मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

यहां डॉ. सत्यनारायण और डॉ. सुनील कारंत के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। बताया गया कि आईसीयू में उनकी हालत स्थिर है। उनके स्वास्थ्य में सुधार के संकेत मिल रहे हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनसे अस्पताल में मुलाकात की और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने कहा कि मैंने उनसे (कृष्णा) मुलाकात की। उनमें सुधार दिख रहा है और मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए शुभकामनाएं देता हूं।

एसएम कृष्णा वरिष्ठ राजनेता हैं, ​जो अक्टूबर 1999 से मई 2004 तक कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने कई महत्त्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।

वे साल 2009 से 2012 तक तत्कालीन संप्रग सरकार में विदेश मंत्री रहे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में भी कार्य किया है।

कृष्णा लगभग पांच दशकों तक कांग्रेस के साथ रहे। वे मार्च 2017 में भाजपा में शामिल हो गए थे। वे पिछले साल सक्रिय राजनीति से संन्यास ले चुके हैं।

About The Author: News Desk