रायबरेली में बोले शाह- इतने सालों से जिन्हें वोट दिया, उन्होंने लोगों को सांसद निधि से क्या दिया?

अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के रायबरेली में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया

शाह ने कहा कि गांधी परिवार झूठ बोलने में बड़ा माहिर है

रायबरेली/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को उत्तर प्रदेश के रायबरेली में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यहां पर कई सारे लोगों ने मुझसे कहा कि यह 'परिवार' की सीट है। मैं, बहन प्रियंका का भाषण सुन रहा था। उन्होंने कहा कि मैं अपने परिवार से वोट मांगने आई हूं। 

बात तो सही है। रायबरेली वालों ने वर्षों से गांधी-नेहरू परिवार को जिताया है, लेकिन यहां से चुनकर जाने के बाद सोनिया और इनका परिवार रायबरेली कितनी बार आया है? चलो, सोनियाजी की तबीयत थोड़ी ठीक नहीं रहती, लेकिन राहुल बाबा या प्रियंका बहन आए हैं क्या?

शाह ने कहा कि एनटीपीसी प्लांट में बॉयलर फटने से कई लोगों की मृत्यु हुई। यहां गांधी परिवार आया? बछरावां ट्रेन दुर्घटना में 50 लोग मारे गए थे। यहां गांधी परिवार आया? नाव डूबने से आधा दर्जन लोग मारे गए थे। यहां गांधी परिवार आया? तार गिरने से 5 गरीब महिलाएं झुलस कर मर गईं। उनके घर कोई गया है? पांच बच्चियां डूबकर मर गईं। यहां गांधी परिवार आया? बहन प्रियंका, यह परिवार है आपका?

शाह ने कहा कि शहजादे आज यहां वोट मांगने आए हैं। आप इतने सालों से वोट दे रहे हैं। आपको सांसद निधि से कुछ मिला है? उन्होंने पूरा खर्चा किया है। अगर आपको मिला नहीं है तो कहां गया? यह (सांसद निधि) उनके वोटबैंक में गया। सोनिया गांधी ने 70 प्रतिशत से ज्यादा सांसद राशि ... में खर्च करने का काम किया है।

शाह ने कहा कि यह गांधी परिवार झूठ बोलने में बड़ा माहिर है। अभी कह रहे हैं कि हम हर महिला को एक लाख रुपए देंगे। मैं अभी-अभी तेलंगाना से आया हूं। वहां चुनाव में उन्होंने कहा था कि हम हर महिला को 15 हजार रुपए देंगे। प्रदेश की महिलाओं ने उन्हें सरकार चुनकर दे दी। 15 हजार क्या, 1,500 रुपए भी नहीं दिए!

About The Author: News Desk