किसकी बनेगी अगली सरकार? खरगे और अखिलेश ने किए ये दावे

मल्लिकार्जुन खरगे और अखिलेश यादव ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया

Photo: IndianNationalCongress FB page

लखनऊ/दक्षिण भारत। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को कहा कि लोकसभा चुनाव के चार चरणों के बाद विपक्षी इंडि गठबंधन मजबूत स्थिति में है और देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदाई देने के लिए तैयार है।

उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव संविधान बचाने के लिए है और पूछा कि प्रधानमंत्री मोदी ने संविधान बदलने की बात करने वालों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की?

उन्होंने यहां समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'देश में चार दौर का मतदान पूरा हो चुका है। इंडि गठबंधन बहुत मजबूत स्थिति में है।'

उन्होंने कहा, 'मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि देश की जनता नरेंद्र मोदी को विदाई देने की तैयारी कर चुकी है। इंडि गठबंधन 4 जून को नई सरकार बनाने जा रहा है।'

उन्होंने दावा किया कि अगर भाजपा फिर सत्ता में आई तो संविधान बदल देगी।

खरगे ने कहा, 'ये लोग संविधान को बदलने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे पहले यह बात आरएसएस नेता मोहन भागवत ने कही। कर्नाटक में कहा गया कि संविधान बदलने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत है। उत्तर प्रदेश में भाजपा के कई लोगों ने संविधान बदलने की बात की है।'

उन्होंने कहा कि मुझे आश्चर्य है कि मोदी इस पर चुप हैं! आप ताकत और 56 इंच के सीने की बात करते हैं, उन्हें पार्टी से निकाल क्यों नहीं देते? किसी को भी संविधान के खिलाफ ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिएं।

खरगे ने कहा कि अगर इंडि गठबंधन की सरकार बनी तो हम गरीबों को हर माह 10 किलो मुफ्त राशन देंगे।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि इंडि गठबंधन उत्तर प्रदेश की 80 में से 79 सीटें जीतेगा।

About The Author: News Desk