पाकिस्तानी हसीनाओं के निशाने पर भारत के जवान! अब एनआईए ने की यह कार्रवाई

भारत में आईएसआई एजेंटों को क्रिप्टो चैनलों के जरिए भेजा जाता है पैसा

Photo: NIA

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। एनआईए ने रक्षा प्रतिष्ठानों की गुप्त जानकारी इकट्ठा करने के लिए भारतीय नौसेना कर्मियों को हनीट्रैप में फंसाने की पाकिस्तानी खुफिया गुर्गों की साजिश के मुख्य आरोपी मुंबई निवासी अमान सलीम शेख के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई है।

आतंकवाद रोधी एजेंसी ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की विशेष अदालत में शेख के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एक पूरक आरोप पत्र दायर किया।

एनआईए, जिसने पिछले साल 5 जून को मामला संभाला था, ने जांच के दौरान पाया कि शेख, जिसे पिछले साल के अंत में गिरफ्तार किया गया था, भारत विरोधी साजिश को आगे बढ़ाने के लिए एक संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट उस्मान के लिए काम कर रहा था।

बयान में कहा गया है कि उसे पाकिस्तानी खुफिया संचालकों द्वारा सौंपे गए कार्यों को पूरा करने के लिए क्रिप्टो चैनलों के माध्यम से मीर बालाज खान, अल्वेन और अन्य व्यक्तियों सहित संदिग्ध पाकिस्तानी गुर्गों से धन भी प्राप्त हो रहा था।

छह नवंबर, 2023 को एनआईए ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था। इसमें कहा गया है कि शुरू में विजयवाड़ा में दर्ज मामले में आगे की जांच जारी है।

About The Author: News Desk