नवीन बाबू की सरकार झोला सरकार है, केंद्र से मिलने वाले अनाज पर अपना झोला लगा देते हैं: शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने ओडिशा के सुंदरगढ़ में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया

शाह ने पूछा- नवीन बाबू, आप यह बताइए कि रत्न भंडार की ओरिजनल चाबी कहां है?

सुंदरगढ़/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को ओडिशा के सुंदरगढ़ में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि चार चरण के चुनाव में मोदी 270 सीटें पार करके 400 की ओर आगे बढ़ गए हैं। इस बार ओडिशा में भी भाजपा की सरकार बनने वाली है, यानी नीचे भी कमल और ऊपर भी कमल। 

शाह ने कहा कि इस बार ओडिशा में डबल परिवर्तन होने वाला है। लोकसभा में 15 से ज्यादा सांसदों और विधानसभा में 75 से ज्यादा विधायकों के साथ ओडिशा भगवा रंग से रंगने वाला है।

शाह ने कहा कि यह चुनाव मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। यह चुनाव भारत को दुनिया में तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनाने का, देश में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का, 3 करोड़ गरीबों को घर देने का, ओडिशा में नवीन बाबू को निकालकर विकास के नए युग की शुरुआत करने का चुनाव है।

शाह ने कहा कि कांग्रेस ने राम मंदिर के मुद्दे को लटकाकर रखा था। आपने मोदी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया। मोदी ने भूमिपूजन भी किया और 22 जनवरी को श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा करके जय श्रीराम कर दिया।

शाह ने कहा कि सुनिश्चित करें कि हम इस बार 400 पार करें, मोदी तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बनें। ओडिशा को विकास के गले लगाने के लिए आपको 'कमल' खिलाना होगा।

शाह ने पूछा कि नवीन बाबू, आप यह बताइए कि रत्न भंडार की ओरिजनल चाबी कहां है? यह ओडिशा की जनता जानना चाहती है। डुप्लीकेट चाबियां किसने बनाईं, डुप्लीकेट चाबी से रत्न भंडार खोला गया या नहीं खोला गया और जांच आयोग की रिपोर्ट को क्यों दबाकर रखा गया? जनता जानना चाहती है। 

शाह ने कहा कि आप भाजपा की सरकार बनाइए। एक महीने के अंदर हम जांच आयोग की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने का काम करेंगे। नवीन बाबू की सरकार झोला सरकार है। मोदी हर महीने गरीबों को 5 किलो अनाज मुफ्त देते हैं और नवीन बाबू उस पर अपना झोला लगाकर गरीबों को देते हैं। अरे नवीन बाबू! अगर आपको गरीबों को देना ही है तो दो किलो अनाज बढ़ाकर दे देते। आपके इस झोले से गरीबों का पेट नहीं भरेगा। 

शाह ने कहा कि मोदी ने आदिवासियों को सम्मान देने का काम किया है। 200 करोड़ रुपए खर्च करके ट्राइबल म्यूजियम बना रहे हैं। 15 नवंबर, बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया है।

About The Author: News Desk