केजरीवाल का शाह से सवाल- क्या दिल्ली के लोग पाकिस्तानी हैं?

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने एक संदेश में भाजपा पर तीखा हमला बोला

Photo: @AamAadmiParty X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। दिल्ली के मुख्यमंत्री अ​रविंद केजरीवाल ने मंगलवार को एक संदेश में भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे पांचवें चरण का मतदान पूरा हो गया और चुनाव होते जा रहे हैं, वैसे-वैसे साफ होता जा रहा है कि 4 जून को मोदी सरकार 'जा रही' है और इंडि गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।

केजरीवाल ने कहा कि कई लोगों ने सर्वे किए हैं और जो उनके अब तक के नतीजे आ रहे हैं, उनसे साफ जाहिर है कि 4 जून को इंडि गठबंधन को अपने दम पर 300 से ज्यादा सीटें मिल रही हैं। इंडि गठबंधन देश को एक साफ, सुथरी और स्थिर सरकार देने की दिशा में बढ़ रहा है।

केजरीवाल ने कहा कि कल (सोमवार को) अमित शाह दिल्ली आए थे और उनकी सभा में 500 से भी कम लोग थे। शाह दिल्ली आकर देश के लोगों के साथ अनर्गल गाली-गलौज करने लगे। 

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि उन्होंने (शाह) कहा कि आम आदमी पार्टी के समर्थक पाकिस्तानी हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि दिल्ली के लोगों ने हमें 62 सीटें, 56 प्रतिशत वोट शेयर देकर सरकार बनाई है। क्या दिल्ली के लोग पाकिस्तानी हैं?

केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोगों ने हमें 117 में से 92 सीटें देकर सरकार बनाई है। क्या पंजाब के लोग पाकिस्तानी हैं? गुजरात के लोगों ने हमें 14 प्रतिशत वोट दिए। क्या गुजरात के लोग भी पाकिस्तानी हैं? गोवा के लोगों ने हमें प्यार दिया, विश्वास दिया। क्या गोवा के लोग भी पाकिस्तानी हैं? 

केजरीवाल ने कहा कि पंचायत के चुनावों, नगर पालिका के चुनावों, उप्र, असम, मप्र में और देश के कई हिस्सों में 'आप' के पंच, सरपंच, मेयर, पार्षद चुने गए। क्या इस देश के सभी लोग पाकिस्तानी हैं? यह क्या बात कर रहे हैं आप? 

केजरीवाल ने शाह के लिए कहा कि आपको प्रधानमंत्री ने अपना वारिस चुना है। इस बात का आपको इतना अहंकार हो गया कि लोगों को गालियां देने लगे हैं, धमकियां देने लगे हैं! अभी तो आप पीएम बने नहीं हैं और आपको इतना अहंकार हो गया! आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि आप पीएम नहीं बन रहे हैं, क्योंकि 4 जून को लोग भाजपा की सरकार नहीं बना रहे हैं। 

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा जा रही है, थोड़ा अहंकार कम कीजिए। जनता को गाली मत दीजिए। आपकी दुश्मनी मुझसे है। आप मुझे गाली दीजिए, लेकिन देश की जनता को गाली देंगे तो यह कोई बर्दाश्त नहीं करने वाला।

About The Author: News Desk