कर्नाटक: भाजपा ने सिद्दरामैया सरकार पर निशाना साधा, राजधानी को बताया- 'उड़ता बेंगलूरु'

भाजपा ने 'एक्स' पर इस मामले को उठाते हुए आरोप लगाया कि जब से कर्नाटक में कांग्रेस सरकार सत्ता में आई है, बेंगलूरु में ...

Photo: BJP X account

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। राज्य में कथित 'बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति' को लेकर कर्नाटक में सिद्दरामैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए भाजपा ने राजधानी को 'उड़ता बेंगलूरु' करार दिया। उसने आरोप लगाया कि यह शहर नशीले पदार्थों और रेव पार्टियों का अड्डा बनता जा रहा है।

यह घटनाक्रम बेंगलूरु पुलिस द्वारा हाल ही में यहां एक फार्महाउस में रेव पार्टी का भंडाफोड़ किए जाने के बाद आया है, जिसमें कथित तौर पर एक तेलुगु फिल्म अभिनेत्री सहित 86 लोग शामिल हुए थे।

भाजपा ने 'एक्स' पर इस मामले को उठाते हुए आरोप लगाया कि जब से कर्नाटक में कांग्रेस सरकार सत्ता में आई है, बेंगलूरु में हर जगह 'अनैतिक आयोजन' हो रहे हैं।

कर्नाटक भाजपा ने कन्नड़ में एक पोस्ट में कहा, 'कानून व्यवस्था बिगड़ गई है, सरकारी अराजकता उजागर हो गई है। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद बेंगलूरु में जगह-जगह अनैतिक आयोजन हो रहे हैं। सिलिकॉन सिटी अब ड्रग्स, कैनबिस ड्रग रेव पार्टियों से भरी हुई है।'

भाजपा ने राज्य सरकार पर निशाना साधने के लिए हैशटैग बैड बेंगलूरु और कांग्रेस फेल्स कर्नाटक के साथ मुख्यमंत्री सिद्दरामैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार वाले एक पोस्टर का भी इस्तेमाल किया।

About The Author: News Desk