बैठक के बाद खरगे ने किया दावा- इंडि गठबंधन को मिलेंगी इतनी सीटें!

लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान शनिवार को संपन्न हो गया

Photo: IndianNationalCongress FB page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि इंडि गठबंधन को लोकसभा चुनाव में 295 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि लोगों से मिले फीडबैक के बाद वे इस आंकड़े पर पहुंचे हैं।

यहां अपने आवास पर विपक्षी गठबंधन के शीर्ष नेताओं की बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि गठबंधन के नेताओं ने करीब ढाई घंटे तक बैठक की और कई मुद्दों पर चर्चा की। खासकर मतगणना के दिन बरती जाने वाली सावधानियों और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिए जाने वाले निर्देशों पर चर्चा हुई।

लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान शनिवार को संपन्न हो गया। अब 4 जून को मतगणना होगी।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘वे सरकारी एग्जिट पोल के जरिए एक नैरेटिव देने की कोशिश कर रहे हैं और हम लोगों को सच्चाई बताना चाहते हैं।’ खरगे ने कहा कि इंडि गठबंधन को 295 से ज़्यादा सीटें मिलेंगी। हम अपने सभी नेताओं से बात करने के बाद इस आंकड़े पर पहुंचे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह जनता का सर्वे है। जनता ने ही हमारे नेताओं को यह जानकारी दी है। सरकारी सर्वे तो हैं ही, उनके मीडिया मित्र भी आंकड़े बढ़ा-चढ़ाकर पेश करते हैं। इसलिए हम आपको हकीकत बताना चाहते हैं।

About The Author: News Desk