एग्जिट पोल पर शिवकुमार समेत क्या कहते हैं कर्नाटक-तमिलनाडु के ये इंडि गठबंधन नेता?

कर्नाटक के मंत्री एमबी पाटिल ने कहा कि एग्जिट पोल वास्तविक नहीं हैं

Photo: DKShivakumar.official FB page

बेंगलूरु/चेन्नई/दक्षिण भारत। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एग्जिट पोल्स के अनुमानों को नकारते हुए कहा कि इंडि गठबंधन केंद्र में सरकार बनाएगा।

कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा कि एग्जिट पोल मीडिया फैंटेसी पोल है, मोदी फैंटेसी पोल है। चुनाव आर्थिक असमानता की नीतियों, भाजपा सरकार के संविधान विरोधी रुख के खिलाफ लड़े गए थे। हम लोकसभा चुनाव में 295 सीटें पार करेंगे।

कर्नाटक के मंत्री केएच मुनियप्पा ने कहा कि मैं इस एग्जिट पोल पर यकीन नहीं कर सकता। अभी 18 घंटे और हैं, हम इंतजार करेंगे और देखेंगे। हमें बहुमत मिलेगा।

कर्नाटक के मंत्री और कांग्रेस नेता एमबी पाटिल ने कहा कि एग्जिट पोल वास्तविक नहीं हैं। उन्होंने जमीनी हकीकत को ध्यान में नहीं रखा है। वे (भाजपा) उप्र में कम से कम 20 सीटें, राजस्थान में 10 सीटें, महाराष्ट्र में 15-20 सीटें और कर्नाटक में 13-15 सीटें हारेंगे। इस बार मोदी लहर नहीं है।

कर्नाटक के मंत्री एचके पाटिल ने कहा कि एग्जिट पोल पक्षपातपूर्ण प्रतीत होते हैं। हम कर्नाटक में 16 से अधिक सीटें जीतेंगे। हम उत्तरी कर्नाटक में जीत दर्ज करेंगे। किसी भी एग्जिट पोल ने उन स्थानों का सैंपल साइज नहीं बताया है, जिनका उन्होंने सर्वेक्षण किया है।

द्रमुक नेता टीके एस एलंगोवन ने कहा कि भाजपा को पीएमके और अन्नाद्रमुक के दूसरे धड़ों के सहयोग से ही समर्थन मिल सकता है। भाजपा के पास यहां कोई वोट नहीं है। तमिलनाडु के लोग भाजपा को स्वीकार नहीं करेंगे। हम एग्जिट पोल पर भरोसा नहीं करते।

द्रमुक नेता आरएस भारती ने कहा कि एग्जिट पोल सिर्फ़ 30 घंटे तक चलने वाले हैं। ये सर्वे भ्रामक हैं। ये सिर्फ़ लोगों को भ्रमित करना चाहते हैं। तमिलनाडु में कांग्रेस ने 9 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन सर्वे में कहा गया है कि वे 13 सीटें जीत रहे हैं। यह कुछ और नहीं, बल्कि मोदी का सर्वे है। इंडि गठबंधन बहुत सतर्क है।

About The Author: News Desk