इस बार ओडिशा में नहीं चला नवीन पटनायक का जादू

लोकसभा चुनाव में बीजद का सिर्फ एक उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए है

Photo: Naveen.odisha FB page

भुवनेश्वर/दक्षिण भारत। ओडिशा में इस बार लोकसभा और विधानसभा चुनावों में बीजद प्रमुख एवं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का जादू नहीं चला। राज्य में पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा है।

लोकसभा चुनाव में बीजद का सिर्फ एक उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए है, जबकि भाजपा उम्मीदवार 19 पर आगे चले रहे हैं। एक सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार की बढ़त है। 

चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, ओडिशा में जाजपुर से बीजद की सरमिष्ठा सेठी 248787 वोट लेकर 9982 की बढ़त से आगे हैं। दूसरे स्थान पर भाजपा के रवीन्द्र नारायण बेहरा हैं, जिन्हें 238805 वोट मिल चुके हैं।

कोरापुट लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के सप्तगिरि शंकर उलाका 54593 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। उन्हें 229301 वोट मिल चुके हैं। दूसरे स्थान पर बीजद उम्मीदवार कौशल्या हिकाका हैं।

ओडिशा में पुरी लोकसभा सीट पर सबकी निगाहें हैं, जहां से भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा मैदान में हैं। वे 450092 वोट लेकर आगे चल रहे हैं। उन्होंने 77227 वोटों की बढ़त बना रखी है। 

विधानसभा चुनावों की बात करें तो भाजपा 80 सीटों पर आगे है। वहीं, बीजद ने 50 सीटों पर बढ़त बना रखी है। 15 सीटों पर कांग्रेस आगे है। इसी तरह एक सीट पर सीपीआई (एम) और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे हैं।

About The Author: News Desk