राजग ने मोदी को संसदीय दल का नेता चुना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 17वीं लोकसभा भंग करने का आदेश भी दे दिया है

सहयोगी दलों के साथ सरकार गठन पर चर्चा की जाएगा

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। राजग ने बुधवार को नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुन लिया है। 

इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा ने कहा कि राजग की बैठक में मोदी को सर्वसम्मति से अपना नेता चुना गया है। उनके नेतृत्व में राजग सरकार भारत के गरीब-महिला-युवा-किसान और शोषित, वंचित व पीड़ित नागरिकों की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उसने कहा कि भारत की विरासत को संरक्षित कर देश के सर्वांगीण विकास के लिए राजग सरकार भारत के जन-जन के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए कार्य करती रहेगी।

इसके साथ ही एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें कहा कि भारत के 140 करोड़ देशवासियों ने पिछले 10 वर्षों में मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से देश को हर क्षेत्र में विकसित होते देखा है। 

प्रस्ताव में कहा गया कि बहुत लंबे अंतराल, लगभग 6 दशक के बाद भारत की जनता ने लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत से सशक्त नेतृत्व को चुना है। हम सभी को गर्व है कि साल 2024 का लोकसभा चुनाव राजग ने मोदी के नेतृत्व में एकजुटता से लड़ा और जीता। 

प्रस्ताव में कहा गया कि हम सभी राजग के नेता मोदी को सर्वसम्मति से अपना नेता चुनते हैं। प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, 7 जून को राजग सांसदों के साथ बैठक के बाद सहयोगी दल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। 

जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा मिलकर सहयोगी दलों के साथ सरकार गठन पर चर्चा करेंगे।

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 17वीं लोकसभा भंग करने का आदेश भी दे दिया है।

About The Author: News Desk