शपथ ग्रहण समारोह: मोदी ने राजघाट जाकर बापू को किया नमन

आज शाम 7:15 बजे प्रधानमंत्री के तौर पर तीसरी बार शपथ लेंगे मोदी

Photo: @narendramodi X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे नरेंद्र मोदी ने रविवार को महात्मा गांधी की समाधि राजघाट जाकर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने बापू को श्रद्धांजलि अर्पित कर अपने शपथ ग्रहण समारोह के दिन की शुरुआत की। वे रविवार शाम 7:15 बजे प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार शाम को राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में मोदी और मंत्रिपरिषद् को पद की शपथ दिलाएंगी। गठबंधन सरकार में तेदेपा, जद (यू) और शिवसेना जैसे कई सहयोगी दलों के शामिल होने की संभावना है। 

इससे पहले, मोदी राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचे। देश के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं, देशभर में कई मंदिरों में मोदी समर्थकों ने पूजा-अर्चना की।

मोदी ने सीडीएस जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी और वीसीएएस एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह के साथ राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस शपथ ग्रहण समारोह को भाजपा नेताओं ने भारत के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया है। साथ ही उम्मीद जताई है कि विकसित भारत के निर्माण के लिए पूरा देश उनके साथ खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश का विकास होगा, भारत विकसित और आत्मनिर्भर बनेगा।

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ भी समारोह में शिरकत करने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। 

नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हुए प्रख्यात अभिनेता रजनीकांत ने कहा कि वे (मोदी) लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। मेरी तरफ से उन्हें शुभकामनाएं। इस लोकसभा चुनाव में लोगों ने एक मजबूत विपक्ष को भी चुना है। इससे स्वस्थ लोकतंत्र की नींव पड़ेगी। मुझे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में चंद्रबाबू नायडू के शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण मिला है। मैं आपको वहां जाने के बारे में जानकारी दूंगा।

 

About The Author: News Desk